आज के डिजिटल युग की असली ताकत तब समझ आती है जब इसका उपयोग समाज की भलाई और सरकारी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किया जाए। अगर आप भी डेटा के खेल में माहिर हैं और अपनी सोच से देश की डिजिटल व्यवस्था में बदलाव लाना चाहते हैं, तो आपके लिए एक शानदार अवसर आया है।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI), नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय (MeitY) के सहयोग से ‘नेशनल डेटा हैकथॉन 2026’ का आयोजन कर रहा है। यह हैकथॉन न केवल आपकी प्रतिभा को परखने का मंच है, बल्कि आधार (Aadhaar) जैसे विशाल डेटासेट के जरिए नई संभावनाओं को तलाशने का एक सुनहरा मौका भी है।

क्या है इस हैकथॉन का उद्देश्य?
इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य आधार नामांकन (Enrolment) और अपडेट से जुड़े गुमनाम (Anonymized) डेटा का विश्लेषण करना है। प्रतिभागियों को इस डेटा में छिपे हुए पैटर्न, रुझान (Trends) और विसंगतियों (Anomalies) को पहचानना होगा। आपकी खोज ऐसी होनी चाहिए जो सरकार को बेहतर निर्णय लेने और सिस्टम में सुधार करने में मदद कर सके।
इनामों की बौछार: लाखों जीतने का मौका
इस हैकथॉन में सबसे खास बात यह है कि आपकी मेहनत और नवाचार (Innovation) को न केवल पहचान मिलेगी, बल्कि भारी नकद पुरस्कारों से भी नवाजा जाएगा। शीर्ष 5 विजेताओं के लिए इनाम इस प्रकार हैं:
- प्रथम पुरस्कार: ₹2,00,000 और प्रमाण पत्र
- द्वितीय पुरस्कार: ₹1,50,000 और प्रमाण पत्र
- तृतीय पुरस्कार: ₹75,000 और प्रमाण पत्र
- चतुर्थ पुरस्कार: ₹50,000 और प्रमाण पत्र
- पंचम पुरस्कार: ₹25,000 और प्रमाण पत्र
इसके अलावा, शॉर्टलिस्ट की गई टीमों को दिल्ली या बेंगलुरु में प्रस्तुति देने के लिए बुलाया जाएगा, जिसका यात्रा खर्च भी UIDAI द्वारा वहन किया जाएगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
यह प्रतियोगिता विशेष रूप से छात्र समुदाय के लिए डिजाइन की गई है:
- शैक्षिक योग्यता: प्रतिभागी का किसी मान्यता प्राप्त भारतीय विश्वविद्यालय या संस्थान में छात्र या रिसर्चर होना अनिवार्य है।
- आयु सीमा: 1 जनवरी 2026 तक आपकी आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए।
- टीम संरचना: आप अकेले भाग ले सकते हैं या अधिकतम 5 सदस्यों की टीम बना सकते हैं। अलग-अलग स्किल सेट वाले लोगों की टीम को प्राथमिकता दी जाएगी।
- अपवाद: UIDAI और NIC के कर्मचारी या उनके सेवा प्रदाता इस प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकते।
महत्वपूर्ण तारीखें
समय का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि पूरी प्रक्रिया मात्र 15 दिनों के भीतर पूरी होगी:
- रजिस्ट्रेशन की शुरुआत: 5 जनवरी 2026 (सुबह 12:01 बजे से)
- रजिस्ट्रेशन और आइडिया सबमिशन की अंतिम तिथि: 20 जनवरी 2026 (रात 11:59 बजे तक)
National Data Hackathon 2026 आवेदन कैसे करें?
रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और इसके लिए आपको ‘जनपरिचय’ (JanParichay) पोर्टल का उपयोग करना होगा।
- वेबसाइट पर जाएं: सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट
event.data.gov.inपर जाएं। - जनपरिचय पर प्रोफाइल बनाएं: यदि आपका अकाउंट नहीं है, तो
janparichay.meripehchaan.gov.inपर जाकर रजिस्टर करें। - ईमेल अपडेट करें: यह सबसे जरूरी स्टेप है। अपने जनपरिचय अकाउंट में जाकर अपनी प्राइमरी ईमेल आईडी को अपडेट और वेरीफाई जरूर करें, क्योंकि सारा संचार इसी के माध्यम से होगा।
- लॉगिन और टीम निर्माण: लॉगिन करने के बाद, अपनी टीम बनाएं (टीम लीडर को सभी सदस्यों के आईडी कार्ड अपलोड करने होंगे)।
- डेटासेट का उपयोग: आपको आधार नामांकन, जनसांख्यिकीय (Demographic) अपडेट और बायोमेट्रिक अपडेट से जुड़े डेटासेट दिए जाएंगे।
आपके काम का आकलन कैसे होगा?
जूरी आपकी प्रस्तुति को पाँच मुख्य आधारों पर परखेगी:
- डेटा विश्लेषण: आपने डेटा का कितनी गहराई से विश्लेषण किया है?
- रचनात्मकता: आपकी समस्या सुलझाने की सोच कितनी अनोखी है?
- तकनीकी कार्यान्वयन: आपके कोड की गुणवत्ता और उसे दोबारा चलाने (Reproducibility) की क्षमता क्या है?
- विजुअलाइजेशन: आप डेटा को ग्राफ या चार्ट के जरिए कितनी स्पष्टता से दिखा पाते हैं?
- प्रभाव: क्या आपका समाधान समाज या प्रशासन के लिए वास्तव में उपयोगी है?
National Data Hackathon 2026 कुछ जरूरी बातें
ध्यान रहे कि आपका काम पूरी तरह मौलिक (Original) होना चाहिए। कोड में किसी भी तरह का मालवेयर नहीं होना चाहिए और आपने इसके लिए पहले कोई पुरस्कार न जीता हो।
यह हैकथॉन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नए भारत की डिजिटल नींव को और मजबूत करने की दिशा में आपकी एक छोटी सी कोशिश है। तो देर किस बात की? अपनी टीम तैयार करें और 5 जनवरी से शुरू होने वाले इस सफर का हिस्सा बनें।
















