शारदा सिन्हा की बेटी वंदना सिन्हा ने पहली बार लोकगायन से आगे बढ़कर अनुराग कश्यप निर्देशित फिल्म निशांची में गाना गाया है। 19 सितंबर को रिलीज हुई इस फिल्म में उनका गाया लोरी गीत सोजा निंदिया सोजा…’ दर्शकों को बेहद पसंद आ रहा है |

पद्मश्री और पद्म विभूषण से सम्मानित शारदा सिन्हा की बेटी वंदना सिन्हा की आवाज ने बिहार को एक गौरव का क्षण दिया है। लोक गायिकी की लीक से हट कर पहली बार उन्हें हिन्दी फिल्म निशांची में गाने का अवसर मिला है। अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी यह फिल्म 19 सितंबर को रिलीज हुई है। इसी फिल्म में वंदना सिन्हा ने एक प्यारा सा गीत गाया है।
गायिका वंदना सिन्हा से जब बातों का सिलसिला शुरू हुआ तो खुशी से भीगी उनकी पलकों में मां की याद के आंसु छलक आए। उन्होंने कहा, मां ने बचपन से जैसे अपने सुरों से, गायिकी के अहसासों से मुझे सींचा, उनके बगैर यह खुशी अधूरी लग रही है। पिताजी भी नहीं हैं। मां और पिताजी होते तो यह खुशी दोगुनी हो जाती। फरवरी में मेरे भाई अंशुमान के पास अनुराग कश्यप जी का फोन आया कि वो मुझसे एक गाना गवाना चाहते हैं। फिर मुझसे बात हुई। उसके बाद गाने के बोल मुझे भेजे गए। सो जा निंदिया सो जा, इन दो नयनों में तू आके फिर सो जा… इस गाने को मनन भारद्वाज ने लिखा है और उन्होंने ही इसकी धुन बनाई है। यह गाना लोरी है और बहुत मीठे अहसास से भरा हुआ गाना है। इसकी रिकॉर्डिंग दिल्ली में हुई और फिर मैं मुंबई गई। अनुराग कश्यप जी से मिली, वो बहुत सहज और सरल इंसान हैं।
शिक्षा और गायिकी के बारे में उन्होंने बताया, मेरी आरंभिक शिक्षा रांची में हुई। दिल्ली विवि से संगीत में एम. ए. किया है। मां के अलावा मैं गुरु ओजेश प्रताप सिंह एवं सोमा सिंह से शास्त्रीय संगीत सीख रही हूं।
Source: Dainik Bhaskar